Spread the love

शिमला 14 सितंबर एसजेवीएन की बिहार स्थित 1320 मेगावाट क्षमता की बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-द्वितीय का वाणिज्यिक प्रचालन शुरू हो गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने किया। इस दौरान निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल भी मौजूद रहे।

भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर और उद्घाटन बटन दबाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन करने के साथ ही ऐश डाइक समेत संयंत्र के प्रमुख प्रचालन घटकों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है।

गुप्ता ने कहा कि बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों से संयंत्र का सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान एसजेवीएन अधिकारियों ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव और बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। बैठक में भूमि अधिग्रहण, सीएसआर, पीएसपी परियोजनाओं, पीपीए और बिहार में संभावित निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

By admin

Leave a Reply